Oplus_131072

साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

भाईंदर के पास प्यासा ऑर्केस्ट्रा बार पर पुलिस की छापेमारी, गुप्त केबिन से 10 युवतियों को कराया मुक्त | New India Times

मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के महिला अत्याचार प्रतिबंधक एवं विशेष बाल संरक्षण प्रकोष्ठ ने प्यासा ऑर्केस्ट्रा बार पर छापेमारी कर 10 युवतियों को मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से बार के मैनेजर, कैशियर, दो स्टीवर्ड, सात महिला वेटर और एक पुरुष वादक सहित कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बार से 83,315 रुपये मूल्य की देशी-विदेशी शराब भी जब्त की।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाईंदर पूर्व के नवघर रोड स्थित प्यासा ऑर्केस्ट्रा बार में नियमों का उल्लंघन कर महिला वेटरों से अश्लील हावभाव करवाए जा रहे हैं। आरोप है कि महिला वेटर पुरुष ग्राहकों के आसपास घूमकर उन्हें उत्तेजित करने और आकर्षित करने का प्रयास करती थीं। बार में निर्धारित नियमों से अधिक महिला वेटरों को रखने की भी जानकारी मिली थी।

सूचना के आधार पर महिला अत्याचार प्रतिबंधक एवं विशेष बाल संरक्षण प्रकोष्ठ की प्रभारी पुलिस उपनिरीक्षक शीतल मुंढे ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस टीम और दो पंचों के साथ 8 अक्टूबर की रात करीब 10:20 बजे बार पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मंच पर कम रोशनी में महिला वेटर खुले और छोटे कपड़े पहनकर अश्लील हावभाव के साथ शराब पी रहे पुरुष ग्राहकों के आसपास घूमती दिखाई दीं। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही कुछ महिला वेटर अपने साथ मौजूद एक व्यक्ति के साथ पास के दरवाजे से भागने लगीं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रोक लिया।
पुलिस टीम ने भागने वाली महिलाओं की दिशा में तलाश की तो वहां एक गुप्त कमरा (कैविटी) बना मिला। कमरे का दरवाजा खोलने पर अंदर 10 युवतियां मिलीं। पुलिस के अनुसार, कमरे में पर्याप्त वायु संचार की व्यवस्था नहीं थी, जिससे वहां मौजूद युवतियों के स्वास्थ्य और जीवन को खतरा हो सकता था। पुलिस ने सभी युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कार्रवाई के दौरान बार में कथित तौर पर अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई 33,495 रुपये की देशी शराब और 49,820 रुपये की विदेशी शराब, कुल 83,315 रुपये का माल जब्त किया गया। पुलिस ने बार के मैनेजर, एक कैशियर, दो स्टीवर्ड, सात महिला वेटर और एक पुरुष वादक सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया।
इस मामले में नवघर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 575/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराओं 110, 296, 54, 49 और 3(5) तथा महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65(ई) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। महिला अत्याचार प्रतिबंधक एवं विशेष बाल संरक्षण प्रकोष्ठ की प्रभारी पुलिस उपनिरीक्षक शीतल मुंढे सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version