मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

जिला बैंक के आर्थिक पैकेज और योजनाओं के लिए बलिराजा सहकार पैनल को जिताएं; महायुति नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस में मतदाताओं से किया आह्वान | New India Times

यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के चुनाव में महायुति के नेतृत्व वाले बलिराजा सहकार पैनल को विजयी बनाने का आह्वान महायुति नेताओं ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से मतदाताओं से किया। नेताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने विभिन्न सहकारी बैंकों को आर्थिक पैकेज देकर मजबूत किया है। इसी प्रकार किसानों, पतसंस्थाओं, मजदूर कामगार संस्थाओं, मछुआरा सहकारी संस्थाओं सहित विभिन्न वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिला बैंक में मजबूत नेतृत्व जरूरी है।
बलिराजा सहकार पैनल पालकमंत्री संजयभाऊ राठोड़, आदिवासी विकास मंत्री प्रा. अशोकराव उईके, राज्यमंत्री इंद्रनीलभाऊ नाईक, सांसद संजयभाऊ देशमुख, पूर्व मंत्री मदनभाऊ येरावार, विधायक किसनराव वानखड़े तथा विधायक राजूभाऊ तोडसाम के नेतृत्व में चुनाव मैदान में है।
महायुति नेताओं ने कहा कि बैंक में सत्ता आने पर किसानों की प्रति हेक्टेयर ऋण सीमा बढ़ाने, नए सदस्यों को फसल ऋण उपलब्ध कराने तथा सिंचाई और कृषि यंत्रीकरण के लिए अधिक कर्ज उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ऋण के साथ आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तथा दुग्ध व्यवसाय, बकरी-भेड़ पालन, मुर्गीपालन और सूअर पालन जैसे कृषि पूरक व्यवसायों के लिए ऋण सुविधा बढ़ाने का भी आश्वासन दिया गया।
उन्होंने गृह, वाहन और व्यावसायिक ऋण की सीमा बढ़ाने, महिला बचत समूहों और लघु उद्यमियों को वित्तीय सहायता देने तथा वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए ऋण सीमा बढ़ाने की बात कही। मछुआरा सहकारी संस्थाओं को कैश क्रेडिट, दोपहिया व चारपहिया वाहन ऋण सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का भी दावा किया गया।
मजदूर कामगार सहकारी संस्थाओं को सरकारी वर्कऑर्डर के बदले 25 प्रतिशत अग्रिम राशि तथा पतसंस्थाओं को बड़े पैमाने पर कर्ज उपलब्ध कराने की बात भी नेताओं ने कही। पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस, फलोद्यान और गोदाम निर्माण जैसी केंद्र व राज्य सरकार तथा नाबार्ड की सब्सिडी योजनाओं का लाभ जिला बैंक के माध्यम से किसानों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।
नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के सहकार विभाग द्वारा व्यवसाय की अनुमति प्राप्त 160 सोसायटियों को भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही बैंक से संबद्ध सभी संस्थाओं की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया गया।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष वसंतराव घुईखेडकर, भाजपा जिलाध्यक्ष एड. प्रफुल्ल चव्हाण, शिवसेना जिला संपर्क प्रमुख श्रीधर मोहोड़ सहित महायुति के अन्य नेता उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version