मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

‘सेवा मेरा योगदान’ सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक उपकरणों के माध्यम से आंखों की विभिन्न समस्याओं की जांच की। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को चिन्हित कर उन्हें ऑपरेशन के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। वहीं, दृष्टि संबंधी समस्या पाए जाने पर जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे और आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर तहसील संयोजक मनीष बंटी साहू, अमरदीप राय, शरद कुरोलिया, भारत अरोड़ा, जहीर खान, अनीस खान, जीतू सूर्यवंशी, अनिल पाटिल, मा. चावला, अमित साहू सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण कर मरीजों से मुलाकात की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ मिला।
