मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

सदर बाजार थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक अपचारी किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जबकि उसके साथी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से छीनी गई चेन के दोनों हिस्से बरामद किए हैं।
सीओ सिटी देवव्रत बाजपेई ने बताया कि 5 अक्टूबर को एनसीसी तिराहे के पास मऊ खालसा रोड से पीपल घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो लोगों ने एक व्यक्ति से चेन छीन ली थी। घटना के संबंध में सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने तकनीकी माध्यम से जानकारी जुटाकर एक अपचारी किशोर को रात में अभिरक्षा में लिया। उसके पास से करीब छह ग्राम वजन की चेन का आधा हिस्सा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथी प्रेमपाल पुत्र रामपाल निवासी बूचड़ी कैंट के बारे में जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, प्रेमपाल की तलाश में कैंट क्षेत्र के जंगल में कॉम्बिंग की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से चेन का शेष करीब सात ग्राम हिस्सा भी बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
