तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

रायसेन शहर सहित जिले के कई गांव-कस्बों में सड़कों की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कहीं सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं तो कहीं सड़क की सतह उखड़ने से गिट्टी बिखरी पड़ी है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खास बात यह है कि इन मार्गों से जिम्मेदार अधिकारी भी नियमित रूप से गुजरते हैं। शासकीय कार्यों के सिलसिले में अधिकारियों का शहर से गांव और कस्बों तक आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद सड़कों की बदहाली पर समय रहते संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।
ग्रामीणों और कस्बावासियों का कहना है कि सड़कों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। मार्गों पर बने गड्ढे और उखड़ी सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।
लोगों का सवाल है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाएंगे? लोगों ने संबंधित विभाग से सड़कों का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
