मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
वर्तमान दौर में किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और तकनीकी ज्ञान होना भी बेहद आवश्यक हो चुका है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनोतिया में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत 5 अक्टूबर 2026 को छात्र-छात्राओं के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को जुन्नारदेव पुलिस थाने ले जाया गया, जहां उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली और आधुनिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

साइबर सुरक्षा की पाठशाला
थाने में पदस्थ उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, प्रधान आरक्षक प्रेमलता धुर्वे एवं आरक्षक नीलेश पाल ने छात्र-छात्राओं को आज के दौर की महत्वपूर्ण चुनौती साइबर अपराध से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
तकनीकी जागरूकता पर दिया जोर
विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल तथा साइबर अपराध से जुड़ी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
पुलिस कार्यप्रणाली को करीब से जाना
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने करीब से जाना कि पुलिस थाना किस प्रकार कार्य करता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल की क्या भूमिका होती है। विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा और अपनी जिज्ञासाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
शिक्षकों ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन
विद्यार्थियों के इस प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों की सक्रिय भूमिका रही। भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षक साजिद शाह, हर्ष राय, श्रीमती वर्षा गौतम एवं मुकुल साहू उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
