मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
एक छत के नीचे योजनाओं की बौछार, जुन्नारदेव नपा परिसर में लगा ‘सेवा सेतु’ शिविर
जुन्नारदेव। प्रशासन एवं विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के तहत आज जुन्नारदेव नगर पालिका परिषद परिसर में ‘सेवा सेतु अभियान’ (आपकी सरकार आपके द्वार) के अंतर्गत भव्य शिविर का आयोजन किया गया। इस महत्वाकांक्षी अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे और त्वरित रूप से आम नागरिकों एवं जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
नपा सीएमओ की पहल और अधिकारियों की मौजूदगी
नगर पालिका परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती नेहा धुर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के विशेष काउंटर लगाए गए हैं। इन काउंटरों पर नागरिकों के आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
शिविर में प्रशासनिक मुस्तैदी और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता देखते ही बन रही थी। इस दौरान प्रमुख रूप से तहसीलदार श्रीमती ज्योति ठोके, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे, उपाध्यक्ष सोनिया कुमरे, पार्षद संजय जैन सहित भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं नेतागण मौजूद रहे। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर पहुंचे हितग्राहियों का उत्साहवर्धन किया।
इस ‘सेवा सेतु’ शिविर के माध्यम से एक ही छत के नीचे विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं के काउंटर उपलब्ध होने से स्थानीय नागरिकों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत मिली है। शिविर में पहुंचकर लोगों ने बढ़-चढ़कर योजनाओं का लाभ उठाया, जिससे स्थानीय स्तर पर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की तस्वीर सामने आई।
