सुभाष पांडेय, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के जल एवं मलनिःसारण विभाग में कार्यरत कार्यकारी अभियंता शरद गोरखनाथ नानेगांवकर के सेवानिवृत्ति समारोह में बड़ी संख्या में शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और पत्रकारों ने शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। काशिमीरा स्थित ग्रीन कोर्ट क्लब (जीसीसी) में आयोजित समारोह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की उपस्थिति रही।
समारोह में विधायक नरेंद्र मेहता, महापौर डिंपल मेहता, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील, मनपा अतिरिक्त आयुक्त संभाजी पानपट्टे, उपायुक्त डॉ. सचिन बांगर, पूर्व मनपा आयुक्त आर.डी. शिंदे, पूर्व महापौर निर्मला सावले तथा पूर्व शहर अभियंता एवं जल विभाग के कार्यकारी अभियंता शिवाजी बारकुंड सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने शरद नानेगांवकर के लंबे सेवाकाल, कार्यशैली और व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। जल विभाग में कार्यरत रहते हुए उन्होंने शहर में पेयजल आपूर्ति, वितरण व्यवस्था की निगरानी, पानी की कटौती तथा पाइपलाइन में होने वाली खराबियों को दूर कर आपूर्ति सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्यप्रणाली और नागरिकों से निरंतर संवाद के कारण वे शहर में विशेष रूप से पहचाने जाते रहे।

शरद नानेगांवकर मूल रूप से सातारा जिले के खटाव तहसील के जांब गांव के निवासी हैं। समारोह के दौरान उनके बचपन, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और मनपा में सेवाकाल से जुड़े संस्मरण भी साझा किए गए। उनके बचपन के मित्र एवं वरिष्ठ पत्रकार राजू शिंदे ने भी उनके व्यक्तित्व और जीवन से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में नानेगांवकर के ज्येष्ठ पुत्र ने यूके से वीडियो संदेश के माध्यम से अपने पिता को शुभकामनाएं दीं। सिविल इंजीनियर श्रवण नानेगांवकर ने भी अपने पिता के प्रति भावनाएं व्यक्त कीं। विभिन्न वक्ताओं के संबोधन के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

इस अवसर पर पूर्व नगररचनाकार दिलीप घेवारे, सभागृह नेता एडवोकेट रवि व्यास, महिला एवं बाल कल्याण समिति सभापति अनिता पाटील, उपसभापति हेमा राजेश बेलानी, नगरसेवक अशोक तिवारी, मुन्ना तिवारी, सुरेश खंडेलवाल, भगवती शर्मा, सार्वजनिक बांधकाम विभाग के कार्यकारी अभियंता नितिन मुकणे, उपअभियंता सचिन पाटील, यतिन जाधव, उत्तम रणदिवे, अरविंद पाटील, म्हात्रे, नगररचना विभाग के सहायक संचालक रा. त. शिंदे, उपअभियंता विकास परब, सर्वेयर विनोद नाईक, मंगेश करलाद, प्रभाग समिति-3 के सहायक आयुक्त जितेंद्र कांबले, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. प्रकाश बोराडे सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों, मनपा कर्मचारियों, ठेकेदारों, शहर के गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों ने भी समारोह में शिरकत की। इस दौरान शरद नानेगांवकर का शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सार्वजनिक सम्मान किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते इसे मीरा-भाईंदर में आयोजित प्रमुख सेवानिवृत्ति समारोहों में से एक बताया गया।
