अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
थाना कोतवाली पुलिस ने सराफा व्यापारी की दुकान से 205 ग्राम सोना, सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए अपचारी बालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 40 लाख रुपये कीमत का सोना और आभूषण बरामद किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक फरियादी देवांश अग्रवाल की ललवानी गली स्थित के.एन. मार्केट में झंकार गोल्ड नाम से दुकान है। शिकायत के अनुसार दुकान पर काम करने वाला रोहित चंदेल करीब तीन महीने से वहां कार्यरत था। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि उसने दुकान से 205 ग्राम सोने का टुकड़ा, सोने के कुछ आभूषण और 6 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना स्तर पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गांधी नगर क्षेत्र से अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में चोरी का सामान अपने साथियों को देने की जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार चोरी किया गया सोना और आभूषण प्रिंस यादव, मोंटू उर्फ मानव और अनुराग के पास पहुंचाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। प्रिंस यादव को आरिफ नगर क्षेत्र से पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर एक सोने का टुकड़ा और सोने के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई है। मामले में मोंटू उर्फ मानव, अनुराग किरार और प्रिंस यादव को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस द्वारा बताए गए अनुसार पुष्पेन्द्र जोशी और कपिल जोशी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अपाला सिंह, सउनि ईशाक खान, प्रधान आरक्षक प्रदीप मेहरा, प्रधान आरक्षक विनोद यादव, आरक्षक पुष्पेन्द्र और आरक्षक हितेश चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
