मो. मुजम्मिल, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

चांदनी रात में चमकते शुक्र ग्रह, ध्रुव तारे और विशाल आकाशगंगा को निहारने का अनूठा अनुभव अब जिले के पर्यटन ग्राम धूसावानी में पर्यटकों को मिल सकेगा। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की जनजातीय पर्यटन परियोजना के तहत धूसावानी को एस्ट्रो विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार की उपस्थिति में गुरुवार देर शाम यहां स्टार गेजिंग गतिविधि का शुभारंभ किया गया। इस दौरान अधिकारियों, ग्रामीणों और अन्य लोगों ने तारों से सजे आसमान में विभिन्न खगोलीय पिंडों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की प्रोग्राम ऑफिसर ट्राइबल सरिता टुप्पो, प्रोग्राम मैनेजर एस्ट्रो प्रदीप दीक्षित, तहसीलदार संजय मसराम, सतपुड़ा सेल्फ के अजय खोबरे सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्टार गेजिंग इंडिया के एमडी निशांत गौर ने परियोजना की विस्तृत जानकारी अतिथियों और ग्रामीणों को दी।
एस्ट्रो विलेज पर्यटन, विज्ञान और प्रकृति के अनूठे संगम के रूप में विकसित होगा। प्रकाश और प्रदूषण से दूर स्वच्छ रात्रि आकाश में पर्यटक तारों, ग्रहों, नक्षत्रों और आकाशगंगा का अवलोकन कर सकेंगे। शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ग्रामीणों से गांव में स्वच्छता बनाए रखने सहित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सहयोग करने की अपील की। जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
25 युवाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण
पर्यटन ग्राम धूसावानी और धगड़िया के 25 युवक-युवतियों का चयन स्टार गेजिंग गतिविधि के लिए किया गया है। इन्हें 90 दिनों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें रात्रिकालीन आकाश, तारामंडलों और विभिन्न खगोलीय घटनाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये युवा एस्ट्रो गाइड के रूप में पर्यटकों को जानकारी देंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
टेलिस्कोप और एस्ट्रो-फोटोग्राफी की सुविधा
पर्यटकों को खगोलीय पिंडों के स्पष्ट और सुरक्षित अवलोकन के लिए आधुनिक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। गांव में आधुनिक टेलिस्कोप, दूरबीन और एस्ट्रो-फोटोग्राफी कैमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा स्टार गेजिंग प्लेटफॉर्म, ऑब्जर्वेशन एरिया और खगोलीय घटनाओं की जानकारी देने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर भी विकसित किया जाएगा। इससे धूसावानी जिले में पर्यटन का नया आकर्षण केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
