गांधी-शास्त्री जयंती पर जागरूकता रैली को जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेंद्र कुमार पांडे ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम की शुरुआत जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडे सहित न्यायिक अधिकारियों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित किया।

जनपद न्यायाधीश ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, उनके आदर्शों और देश के प्रति योगदान को याद करते हुए सभी से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस दौरान स्कूली छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यौन शोषण एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया। संवाददाता मुबारक अली से बातचीत के दौरान बताया गया कि 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक स्कूलों और कॉलेजों में पॉक्सो अधिनियम के संबंध में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के साथ-साथ ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में भी जानकारी दी गई।

जनपद न्यायाधीश ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई बच्चा यौन अपराध से संबंधित कोई बात या शिकायत बताता है तो उसे गंभीरता से लिया जाए। बच्चे की बात को नजरअंदाज न करें, बल्कि समय रहते उचित कदम उठाएं, ताकि उसे आगे होने वाले किसी भी अपराध से सुरक्षित रखा जा सके।

कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) मोहम्मद रिजवान, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय नरेंद्र कुमार, तृतीय अपर जिला जज सुरेश शर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उपेक्षा सिंह, केंद्रीय बार अध्यक्ष सरनाम सिंह, महासचिव नंद किशोर अवस्थी एवं समस्त न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, एलएडीसीएस अधिवक्ता आदि मौजूद रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version