साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

नयानगर पुलिस ने कार चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई करीब 80 हजार रुपये कीमत की हुंडई कंपनी की सेंट्रो कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, भाईंदर पश्चिम स्थित देवगी रोड निवासी अब्दुल गफूर शेख की शिकायत पर नयानगर पुलिस थाने में 16 सितंबर 2026 को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि उनकी हुंडई सेंट्रो कार क्रमांक MH-05-AJ-4590 चोरी हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नयानगर पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम को जांच के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 वर्षीय मोहम्मद कालिद रजा शेख को 24 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी नागौरी चहावाला, मीरारोड क्षेत्र में रहता है और मूल रूप से राजस्थान के नागौर जिले का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हुंडई सेंट्रो कार बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर अपने लाभ के लिए कार चोरी की थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण, सहायक पुलिस आयुक्त सोहेल शेख, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमर जगदाले तथा पुलिस निरीक्षक समीर अहिरराव के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण पथक द्वारा की गई। टीम में तुकाराम सकुंडे, सलीम शेख, राजेश कालेपुंड, विजय गुरव, योगेश घुगे, रहमतखान पठाण, समाधान माने, गोरख सानप, समीर वाळुंज, बालासाहेब पाटील, वैभव चव्हाण और विक्की पोवार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
