अंकित तिवारी, मंझनपुर/कौशांबी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के मंझनपुर डिपो प्रभारी अवधेश सिंह बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर आयोजित विदाई समारोह में विभागीय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्टेशन इंचार्ज गंगा शंकर शर्मा मौजूद रहे।
चंदेराई निवासी अवधेश सिंह ने वर्ष 1989 में परिवहन विभाग में सेवा शुरू की थी। समारोह में कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल और सरल स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सभी कर्मचारियों को परिवार के सदस्य की तरह साथ लेकर काम किया। उनकी सेवानिवृत्ति से विभाग में एक अभिभावक की कमी महसूस होगी।
इस दौरान अवधेश सिंह अपने सेवाकाल को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि विभाग ने उन्हें हमेशा परिवार की तरह अपनाया। सेवानिवृत्ति के बाद परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलने की खुशी है, लेकिन लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहकर्मियों से दूर होने का मलाल भी रहेगा। उन्होंने विभागीय साथियों और यात्रियों के साथ बिताए अनुभव भी साझा किए।
समारोह में फूल सिंह, राकेश कुमार, यमुना प्रसाद वर्मा, के.एन. पाण्डेय, फतेहबहादुर सिंह समेत सैकड़ों कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
