मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कुमार मल्होत्रा ने कहा कि खाद्यान्न वितरण दुकानों एवं संस्थानों, स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में रेंडम चेकिंग की जाए। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की जमीनी स्तर पर समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार किए जाएं।
विदित है कि खाद्य आयोग अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कुमार मल्होत्रा ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय, बुरहानपुर में समीक्षा बैठक ली। समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्को, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, सीईओ एवं एडीएम श्री सृजन वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती अर्चना नागपुरे ने जिले में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न वितरण सहित अन्य विषयों की जानकारी दी। खाद्य आयोग अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कुमार मल्होत्रा ने निर्देश दिए कि विभाग के अंतर्गत नियमित निरीक्षण किया जाए तथा भोजन बनाने वाले स्थानों पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था के साथ स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान रखा जाए।
खाद्य आयोग अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कुमार मल्होत्रा ने पूरक पोषण आहार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य विषयों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्राथमिकता को समझते हुए आवश्यक विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।
