संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय, ग्वालियर में 29 सितंबर 2026 को ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय द्वारा स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र को गोद लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीना श्रीवास्तव के प्रेरणादायक निर्देशन में हुआ। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के नोडल अधिकारी डॉ. योगेंद्र जैन, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रभारी डॉ. अशोक बरेया एवं अन्य प्राध्यापक डॉ. नाजनीन बानो के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने आंगनवाड़ी केंद्र (माधवी नगर, वार्ड-15, सेक्टर-1, परियोजना शहरी-2) की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती प्रज्ञा शर्मा के साथ मिलकर बच्चों के बीच समय बिताया।
बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में आंगनवाड़ी केंद्र के नौनिहालों और छोटे बच्चों को पौष्टिक स्वल्पाहार (फल एवं पोषाहार) तथा उनकी प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए पठन सामग्री (कॉपी, पेंसिल, रंग एवं पठन पुस्तकें) का उत्साहपूर्वक वितरण किया गया।
“आंगनवाड़ी केंद्रों को गोद लेकर बच्चों को पोषण और शिक्षा से जोड़ना समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा और समर्पण की भावना जागृत करते हैं।”
— डॉ. मीना श्रीवास्तव, प्राचार्य
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह और उल्लास देखते ही बनता था। इस अवसर पर महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने इस नेक पहल में सक्रिय सहभागिता निभाई।
