मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जिले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने सोमवार को बैंकों और वित्तीय संस्थानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान नगर, रोजा और तिलहर क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया।
क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेई, क्षेत्राधिकारी सदर तथा क्षेत्राधिकारी तिलहर के नेतृत्व में बैंक के प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग तथा आसपास मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। अधिकारियों ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस ने बैंक प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों से बैंक में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए कहा।
पुलिस के मुताबिक, अपराध की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
