वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
बांकेगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत संसारपुर के ग्राम विलाहिया से गंभीर बीमारी और बदहाली से जूझ रहे एक गरीब परिवार की दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। गांव निवासी घनश्याम पुत्र रामस्वरूप पिछले करीब दो महीनों से पैरालिसिस (लकवा) की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। बीमारी के कारण वह न चल-फिर पा रहे हैं और न ही बोलने की स्थिति में हैं। वह पूरी तरह बिस्तर पर लाचार हैं।
घनश्याम परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके बीमार होने के बाद पत्नी और चार बेटियों व दो छोटे बेटों समेत छह बच्चों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों के मुताबिक शुरुआती इलाज में घर का बचा-कुचा सामान और जमा-पूंजी तक बिक चुकी है। परिवार कच्चे मकान में किसी तरह गुजर-बसर कर रहा है।
परिवार के पास न राशन कार्ड है और न आयुष्मान भारत कार्ड। राशन कार्ड के अभाव में सरकारी खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि आयुष्मान कार्ड न होने और आर्थिक तंगी के कारण घनश्याम का बेहतर अस्पताल में इलाज कराना परिवार के लिए मुश्किल है।
मामले में संबंधित जिम्मेदारों से संपर्क कर उनका पक्ष लिया गया। ग्राम पंचायत अधिकारी आलोक अवस्थी ने बताया कि उन्हें यहां आए अभी कुछ ही दिन हुए हैं और आज ही मामले की जानकारी हुई है। वह पूरी जानकारी कर जांच करेंगे तथा शासन की ओर से संभव मदद की प्रक्रिया पूरी कराएंगे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामप्रसाद देवल ने बताया कि राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड न होने की जानकारी उन्हें नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में घनश्याम का नाम डलवा दिया गया है। सरकार से आवास स्वीकृत होने पर उन्हें आवास दिलाया जाएगा।
परिजनों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल राशन और घनश्याम के निशुल्क समुचित उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार को राहत मिल सके।
