पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी रामविलास भदौरिया एवं परियोजना अधिकारी सत्यनारायण मकवाना के मार्गदर्शन में धार जिले के तिरला ब्लॉक के सेक्टर सलकनपुर में कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस बाल स्वास्थ्य एवं आनंदमय गतिविधियों का आयोजन किया गया। शौर्य दल अध्यक्ष दिशा बुंदेला ने पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद पर्यवेक्षक राखी देवड़ा ने प्रधानमंत्री के संदेश का वाचन किया।
कार्यक्रम में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए चेयर रेस, बलून रेस, चित्रकला प्रतियोगिता तथा स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता आयोजित की गई। सेक्टर सलकनपुर के सभी 33 आंगनवाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। इस दौरान पंच-सरपंचों का स्वागत किया गया। बच्चों को कलर, किताबें और मेडल प्रदान किए गए। सरपंच दिलीप खराड़ी ने बच्चों को फलों का वितरण किया।
कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री माताओं के साथ अभिभावकों ने भी सहभागिता की। अंत में पर्यवेक्षक राखी देवड़ा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
