अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

केशव धाम वृंदावन द्वारा संचालित केशव वेद विद्यालय समिति के तत्वावधान में विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय संरक्षक रहे अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर वेद पूजन महोत्सव का आयोजन 27 सितंबर को किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे केशव धाम स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय अध्ययन केंद्र सभागार, केशव नगर, वृंदावन में आयोजित होगा।
केशव धाम के निदेशक ललित जी, अध्यक्ष नारायण दास अग्रवाल, समिति संयोजक डॉ. सत्यमित्रानंद महाराज, कार्यक्रम संयोजक आचार्य रामविलास चतुर्वेदी एवं सहसंयोजक आचार्य ब्रजेन्द्र नागर ने बताया कि अशोक सिंघल की अंतिम इच्छा घर-घर तक वैदिक शिक्षा पहुंचाने के संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख समाजसेवी लक्ष्मण सर्राफ करेंगे। मुख्य अतिथि महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय, उज्जैन के कुलपति प्रो. शिवशंकर मिश्र होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि समृद्धि ज्वेलर्स के लोकेश गर्ग रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भागवत प्रवक्ता डॉ. मनोज मोहन शास्त्री द्वारा आशीर्वचन दिया जाएगा। कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष अनिल अग्रवाल (मित्तल प्रिंटर्स) होंगे।
समिति के पदाधिकारियों गंगाधर अरोड़ा, प्रधानाचार्य डॉ. रवीन्द्र शर्मा, रामदास चतुर्वेदी शास्त्री, हरस्वरूप यादव, सुधाकर द्विवेदी एवं संदीप चतुर्वेदी ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इस अवसर पर ब्रज मंडल के संत-धर्माचार्य, संस्कृत विद्यालयों एवं वैदिक पाठशालाओं के विद्वान अशोक सिंघल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार रखेंगे तथा उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

