गणेश मौर्य, ब्यूरो चीफ, अंबेडकरनगर (यूपी), NIT:

अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन, अंबेडकरनगर के तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस दहीरपुर स्थित वृद्धाश्रम में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” के तहत संगठन के पदाधिकारियों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के बीच फल वितरित किए और उनका आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले फार्मासिस्टों को संगठन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष चंदन मौर्य रहे। विशिष्ट अतिथि एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजन सिंह ने कहा कि वृद्धों और असहाय लोगों की सेवा से बढ़कर कोई पुनीत कार्य नहीं है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी फार्मासिस्टों का आभार जताते हुए कहा कि संगठन फार्मासिस्टों के हित, अधिकार और सम्मान के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

समारोह में जिलाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के सदस्यों ने मुख्य अतिथि चंदन मौर्य को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संयोजन जिला कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा ने किया, जबकि मंच संचालन जिलाध्यक्ष जमीर हैदर ने किया।
इस अवसर पर दीपक श्रीवास्तव, डॉ. राकेश प्रजापति, राघवेंद्र यादव, राम अनुज वर्मा, डॉ. राकेश मौर्य, प्रवीण अग्रहरि, राम प्रसाद, शशिकांत, रवि जायसवाल, सुमित तिवारी, विनोद कुमार, श्रीकांत राव, रत्नेश वर्मा, सत्यप्रकाश यादव, नीरज गौड़ और आशुतोष यादव सहित बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट मौजूद रहे।
