मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो अभियान के तहत थाना सदर बाजार पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं से अभद्र टिप्पणी और छींटाकशी करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को मिशन शक्ति टीम क्षेत्र के पार्कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही थी। इसी दौरान शहीद पार्क में एक युवक द्वारा वहां आने-जाने वाली महिलाओं पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी और छींटाकशी किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर साजिद पुत्र बादल, निवासी मोहल्ला तारीन टिकली, थाना सदर बाजार को हिरासत में ले लिया।
मामले में मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 512/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
मिशन शक्ति टीम को एसपी ने किया सम्मानित
त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित ने थाना सदर बाजार की मिशन शक्ति टीम की सराहना की। उन्होंने टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र के साथ एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह, महिला आरक्षी नीतू मलिक, महिला आरक्षी कविता यादव, रिक्रूट महिला आरक्षी ज्योति तथा रिक्रूट आरक्षी जितिन कुमार शामिल रहे। एसपी ने पुलिसकर्मियों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए इसी तरह सतर्कता और तत्परता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
