मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

स्थानीय हनीफ मास्टर उर्दू हाईस्कूल एवं जूनियर कॉलेज के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
कक्षा 11वीं के छात्र इरफान खान इबादुल्ला खान ने एथलेटिक्स के साथ डिस्कस थ्रो (थालीफेक) और जेवलिन थ्रो (भालाफेक) में शानदार प्रदर्शन करते हुए तालुका स्तर पर सफलता हासिल की। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
इसी क्रम में गर्ल्स अंडर-19 जेवलिन थ्रो स्पर्धा में शबनम बानो सैयद सगीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मिस्बाह खानम सैयद मोहसिन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, छात्रा जावेरिया राहिल शेख तैय्यब ने तालुका स्तरीय बुद्धिबल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। संस्था के अध्यक्ष सय्यद मकसूद अली पटेल एवं मुख्याध्यापक सय्यद इमरान पटेल ने सफल विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग ने भी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।
