शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

स्थानीय बाबा बिहारी इंटर कॉलेज, भरकवाह के परिसर में सोमवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बनारस पाली हॉस्पिटल, उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज की चिकित्सकीय टीम ने करीब पांच सौ छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में मौसमी बुखार, खांसी-जुकाम, रक्तचाप, खुजली तथा विभिन्न प्रकार के दर्द से पीड़ित मरीजों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाएं निशुल्क वितरित की गईं। गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचकर आवश्यक जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपचार और दवा लेने की सलाह दी गई।
चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण विभिन्न प्रकार की मौसमी बीमारियां फैल रही हैं। ऐसे में समय पर बीमारी की पहचान और उचित उपचार जरूरी है। चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी कि बिना जांच और चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं का सेवन न करें। बारिश के मौसम में स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने तथा आसपास साफ-सफाई रखने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मौसमी बीमारियों का प्रभाव बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक पड़ सकता है, इसलिए उनके स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
चिकित्सकीय टीम ने कॉलेज द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।
कॉलेज के प्रबंध निदेशक अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में भी विद्यालय परिसर में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
प्रबंधक बुद्धिनाथ सिंह यादव ने चिकित्सकीय टीम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिरुद्ध प्रसाद, अविनाश कुमार, अजय कुमार यादव, ज्ञान प्रकाश शर्मा, विलियम प्रेम प्रकाश, बृजमा शुक्ला, काजल जायसवाल, अर्पिता कुशवाहा, जागृति पटेल, अनामिका मौर्या, सत्यानंद प्रजापति, शांति एवं अमरजीत सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
