पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र) NIT:

पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का श्रद्धा, भक्तिभाव एवं विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार श्री विजय डावर सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की तथा जिले में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भक्तिमय वातावरण एवं हर्षोल्लास के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक ले जाया गया, जहां विधि-विधानपूर्वक प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान श्री गणेश से जिले में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने, नागरिकों की सुख-समृद्धि तथा समस्त पुलिस परिवार एवं उनके परिजनों के उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की प्रार्थना की।
भगवान श्री गणेश की विदाई के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का वातावरण श्रद्धा एवं भक्तिभाव से परिपूर्ण रहा। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के साथ भगवान श्री गणेश को भावपूर्ण विदाई दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
