इसहाक़ मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
ग्राम झिन्ना में तालाब के गहरे पानी में डूबे युवक को बचाने के लिए चौकी प्रभारी मुकुंदपुर उप निरीक्षक नागेश्वर प्रसाद मिश्रा ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। सूचना मिलते ही वे पुलिस टीम एवं ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और गहरे पानी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की।
जानकारी के अनुसार राजपत दाहिया शौच के लिए तालाब की ओर गया था। इसी दौरान मिर्गी का दौरा पड़ने से वह तालाब के गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ने ग्रामीणों की सहायता से पानी में उतरकर युवक की तलाश की और उसे बाहर निकाला। हालांकि, सूचना मिलने में देरी के कारण युवक की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक नागेश्वर प्रसाद मिश्रा इससे पहले भी चिताबरदाई नाला में फंसे ट्रक के चालक और क्लीनर का दो बार तैरकर सफल रेस्क्यू कर चुके हैं। इस कार्रवाई में उनकी तत्परता और साहसिक प्रयास एक बार फिर सामने आया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर के निर्देशन तथा एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा और थाना प्रभारी ताला निरीक्षक महेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

