मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की रात मोहल्ला ख्वाजा फिरोज में नीरज के घर में घुसकर चाकू से हमला किए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में वांछित आरोपी आजम उर्फ शिब्बू पुत्र बाबू, निवासी मोहल्ला किला, की तलाश की जा रही थी।
पुलिस को 19 सितंबर को सूचना मिली कि आरोपी अपाचे मोटरसाइकिल से बरेली मोड़ की ओर से सीतापुर की तरफ जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने हरदोई चौराहे के पास शिव मंदिर के सामने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर बाड़ीगांव की ओर भागने लगा। कुछ दूर जाने के बाद मोटरसाइकिल गिरने पर आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे दोपहर 1:17 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मोबाइल फोन और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी नईम के साथ मिलकर नीरज पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आजम उर्फ शिब्बू के खिलाफ शाहजहांपुर के विभिन्न थानों में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार, उप निरीक्षक संत कुमार राठी, उप निरीक्षक सुनील कुमार मौर्य समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
