विवेक जैन, ब्यूरो चीफ, बागपत (यूपी), NIT:

पावला बेगमाबाद गांव स्थित प्राचीन बाबा वैद्यनाथ धाम में 1117वां छठ मेला महोत्सव श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मेले में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और बाबा वैद्यनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र की धार्मिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक हस्तियों के साथ अनेक साधु-संतों ने भी शिरकत की।
मेले का विधिवत शुभारंभ श्री सिद्ध बाबा श्याम गिरी सवाई मठ, शास्त्री पार्क द्वारा किया गया। वैद्यनाथ धाम के मुख्य पुजारी गजानंद गिरी महाराज ने विधि-विधान से मुख्य पूजा संपन्न कराई। मुख्य पूजा के यजमान सपा नेता बिल्लू प्रधान रहे।
धाम को लेकर मान्यता है कि पावला बेगमाबाद स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम महर्षि वाल्मीकि और भगवान परशुराम के समकालीन है। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में सैकड़ों पीतल के घंटे भेंट किए। मंदिर समिति के सचिव धीरज धामा ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था है कि बाबा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती है। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य के अनुसार पीतल का घंटा चढ़ाते हैं।
मंदिर समिति के अध्यक्ष श्योराज धामा सूबेदार ने बताया कि मेले के अवसर पर गांव के सभी धर्मों के लोग मिलकर बाबा के लिए खीर और पूड़े का प्रसाद तैयार करते हैं। विभिन्न धर्मों के लोग परिवार और रिश्तेदारों के साथ बाबा के दरबार में पहुंचकर अपनी हाजिरी लगाते हैं। मेले में भंडारे और प्रसाद वितरण के साथ रागनी, दंगल और जागरण सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मेले में सैकड़ों दुकानें सजाई गईं, जहां श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने विभिन्न सामानों की खरीदारी की। बच्चों ने झूलों और मनोरंजन के अन्य साधनों का आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष श्योराज धामा सूबेदार, कोषाध्यक्ष कृष्णपाल पुजारी, सचिव धीरज धामा, पूर्व कोषाध्यक्ष यशराम धामा, विकास धामा, जेबीबी सेवादल के सदस्यों तथा समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर रामगिरी महाराज, रवि बैंसला, आकाश धामा, जेलर दीपक शर्मा, मनोज प्रधान, राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन बागपत, ओमप्रकाश धामा, कैलाश प्रधान, सुंदर धामा, जितेंद्र धामा, विक्रम उर्फ पोपी, जितेंद्र दरोगा, समुन्द्र, भूपेंद्र उर्फ बुक्कल, मोनू पंडित, बलीराज सिंह पाबला, राकेश धामा, कल्लू खेकड़ा, मोनू वशिष्ठ, सतेंद्र, अंकुश, अखिल, लोकेश, अशोक कुमार फोटू वाले पाबला सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

