मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
शहर में जर्जर विद्युत पोल के रखरखाव को लेकर विद्युत विभाग पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घंटाघर से स्टेशन जाने वाले मार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के आगे अचानक एक जर्जर विद्युत पोल ई-रिक्शा पर जा गिरा। हादसे में ई-रिक्शा चालक घायल हो गया।
घायल चालक की पहचान चंद शाह निवासी ग्राम चिनौर के रूप में बताई जा रही है। पोल गिरने की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक यातायात विनय कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विद्युत विभाग की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से पोल को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल काफी समय से जर्जर हालत में था और समय रहते इसकी मरम्मत या उसे बदलने की कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर इस तरह जर्जर पोल का गिरना विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
गनीमत रही कि हादसे के समय पोल की चपेट में कोई अन्य राहगीर नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय पार्षद लाल पुजारी ने तत्काल पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी तथा मौके पर पहुंचकर घायल चालक की मदद और यातायात व्यवस्था सुचारु कराने में सहयोग किया।
