राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र) NIT:
पुलिस ने अवैध देसी शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग अलग दो स्थानों पर दबिश देकर कुल 10 लीटर शराब जब्त की है। दोनों मामलों में चार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
एसडीओपी अरुण कुमार उइके के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मीरा ढाबा पर दबिश दी। यहां बलराम रैकवार के पास से कुप्पे में करीब 5 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि सेमराखेड़ी निवासी मालती पटेल शराब बनाती है और विजय खत्री के यहां भेजती है, जहां से उसे बेचने की बात सामने आई।
पुलिस ने इस मामले में बलराम रैकवार के साथ मालती पटेल और विजय खत्री को भी आरोपी बनाया है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई धुलतरा तिग्गड़े के गड्ढे के पास की गई। पुलिस ने मन्नू उर्फ मनोहर लोधी निवासी बेलढाना के पास से प्लास्टिक की कुप्पी में करीब 5 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की।
पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर अवैध शराब के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
