पुलिस की सतर्कता से दंपती और दो बच्चों की बची जान, काशिमीरा पुलिस की सराहनीय कार्रवाई | New India Times

साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

पुलिस की सतर्कता से दंपती और दो बच्चों की बची जान, काशिमीरा पुलिस की सराहनीय कार्रवाई | New India Times
फाइल फोटो

15 सितंबर 2026 की देर रात करीब 1:58 बजे मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ फाउंटेन ब्रिज परिसर में आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त ने तत्काल नियंत्रण कक्ष को संबंधित स्थान पर पुलिसकर्मी भेजने के निर्देश दिए।
नियंत्रण कक्ष ने तत्काल काशिमीरा पुलिस थाने के अंतर्गत वर्सोवा बीट मार्शल क्रमांक 04 पर तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दी। पुलिसकर्मी संतोष धुळा कोकरे और पुलिसकर्मी विकास श्रीरंग मोहिते को घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दोनों पुलिसकर्मी तत्काल फाउंटेन ब्रिज परिसर में पहुंचे और रात करीब 2:18 बजे संबंधित व्यक्ति को अपने कब्जे में लेकर उसकी तथा उसके परिवार की जान बचाई।
पूछताछ में पता चला कि उक्त व्यक्ति की उम्र करीब 18 वर्ष है और वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। वह अपनी पत्नी, दो बेटियों तथा अन्य रिश्तेदारों के साथ मीरारोड पूर्व क्षेत्र में रहता है।
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि कुछ माह पूर्व उसने अपनी बहन के पास सोना गिरवी रखकर करीब एक लाख रुपये लिए थे। वर्तमान में आर्थिक तंगी के चलते उसकी बहन ने गिरवी रखा सोना छुड़ाने और उसे बेचकर शेष रकम वापस करने को कहा था। आर्थिक परेशानियों के कारण वह मानसिक रूप से निराश था और इसी वजह से आत्महत्या का प्रयास करने की बात उसने पुलिस को बताई।
पुलिस बीट मार्शलों ने दंपती को सुरक्षित काशिमीरा पुलिस थाने लाकर समझाइश दी। साथ ही उसके भाई और बहन को बुलाकर पारिवारिक विवाद को तत्काल सुलझाने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप किया गया।
काशिमीरा पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील रवैये के चलते एक दंपती और उनके दो बच्चों की जान बच गई। पुलिसकर्मियों की इस तत्परता की सराहना की जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version