राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
देवरी क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब की बिक्री और उसके निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने एसडीएम मुनव्वर खान को ज्ञापन सौंपा।
ग्राम पंचायत सुना पंजरा के आदिवासी बाहुल्य ग्राम रामनगर से बड़ी संख्या में महिलाएं एसडीएम कार्यालय पहुंचीं। यहां महिलाओं ने अवैध शराब बंद करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
रामनगर गांव की महिला दुर्गा गौड़ ने बताया कि गांव में देसी शराब बनाई जाती है, जिससे बच्चे बिगड़ रहे हैं। लोग 5 रुपये देकर छोटे-छोटे बच्चों को प्रलोभन देते हैं और उनसे पन्नी वाली शराब बुलवाते हैं। उन्होंने हर हाल में गांव में शराब बंद करने की मांग की।
बुजुर्ग महिला ममता रानी ने बताया कि गांव के बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्ग तक शराब पी रहे हैं। शराब के कारण घर बर्बाद हो रहे हैं और सभी परेशान हैं। उन्होंने गांव में शराब बंद करवाने की मांग की।
आरती यादव ने बताया कि पूरे गांव के पुरुष शराब पीते हैं। शाम के समय महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल पातीं, इसलिए वे गांव में शराब बंद करवाना चाहती हैं।
एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि रामनगर गांव में बहुत ज्यादा शराब बिकती है। बच्चे शराब पीकर घर आते हैं और घर में बहू-बेटियों के साथ मारपीट करते हैं तथा खाना फेंक देते हैं। पूरे गांव का माहौल खराब हो चुका है। इसलिए गांव में पूर्ण रूप से शराब बंद की जाए।
इस संबंध में एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि रामनगर की महिलाओं ने ज्ञापन सौंपा है। गांव में जो व्यक्ति अवैध शराब का विक्रय कर रहे हैं, उनके खिलाफ ठोस वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
