मुख्य सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा, हादसों का बढ़ा खतरा | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मुख्य सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा, हादसों का बढ़ा खतरा | New India Times

जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत दातलावाड़ी के मुख्य सड़क मार्ग सहित सिनेमा रोड, दमुआ रोड, रेलवे स्टेशन रोड, माता दफाई रोड एवं पंचायत भवन रोड पर पालतू एवं आवारा मवेशियों का आए दिन जमावड़ा लगा रहता है। मवेशियों के सड़कों पर बैठे रहने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों और राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मवेशियों के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय स्तर पर पशु मालिकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के कारण कई पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं। ये मवेशी घंटों मुख्य सड़कों पर बैठे रहते हैं। रात्रि के समय समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को आसानी से दिखाई नहीं देते। इसके चलते क्षेत्र में कई बार सड़क हादसे भी हो चुके हैं। इन दुर्घटनाओं में जहां राहगीर घायल होते हैं, वहीं मवेशी भी हादसों की चपेट में आ जाते हैं।

दातला मुख्य मार्ग सहित ग्राम एवं नगरीय क्षेत्र की सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन रहा है। बीच सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण पहले भी कई वाहन चालक हादसों का शिकार हो चुके हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है।

पूर्व में नगर एवं पंचायत स्तर पर आवारा मवेशियों के लिए कांजी हाउस की व्यवस्था हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था कई स्थानों पर केवल कागजों तक सीमित रह गई है। सरकार द्वारा प्रदेशभर में गौशालाओं को बढ़ावा देने के निर्णय के बावजूद क्षेत्र के आवारा मवेशियों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं, न्यायालय के सख्त निर्देशों का भी प्रभावी रूप से पालन होता नजर नहीं आ रहा है।

क्षेत्र के नागरिकों ने मांग की है कि आवारा पशुओं के लिए गौशाला अथवा कांजी हाउस की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि मवेशियों को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके। इससे वाहन चालकों को राहत मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। इसके अलावा आवारा मवेशियों के किसानों के खेतों में प्रवेश करने से फसलों को हो रहे नुकसान से भी किसानों को राहत मिल सकेगी।

इनका कहना है

सोनाली सरयाम, सरपंच दातलावाड़ी ने कहा कि मवेशी सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर दिन-रात बैठे रहते हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है और आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। पशुपालकों को समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी यदि पशुपालकों द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version