मीरारोड में ज्वेलरी शॉप से 4 करोड़ के सोने के आभूषण चोरी का हुआ खुलासा, राजस्थान से दो आरोपी गिरफ्तार | New India Times

साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

मीरारोड में ज्वेलरी शॉप से 4 करोड़ के सोने के आभूषण चोरी का हुआ खुलासा, राजस्थान से दो आरोपी गिरफ्तार | New India Times

नवघर पुलिस थाना क्षेत्र के उपवन बिल्डिंग, क्विक्स पार्क स्थित ‘श्री शगुन गोल्ड’ ज्वेलर्स की दुकान से करीब 4 करोड़ रुपये कीमत के सोने के आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के करीब 3 किलो 250 ग्राम सोने के आभूषण, 5.33 लाख रुपये नकद, अपराध में इस्तेमाल 8 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी बलेनो कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ज्वेलरी दुकान संचालक राजेश बसंतीलाल बापना की शिकायत पर नवघर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 462/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 306, 61(2) में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक 19 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे से शाम 4:15 बजे के बीच दुकान में काम करने वाले कर्मचारी दिनेश रावत ने कथित तौर पर बिना अनुमति करीब 4 किलो 300 ग्राम वजन के सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी दिनेश चौहान की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी एक स्थान पर नहीं रुक रहा था और हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली तथा राजस्थान में लगातार घूम रहा था। पुलिस टीम ने करीब 1200 किलोमीटर तक उसका पीछा करते हुए उसकी लोकेशन का पता लगाया।
25 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5 बजे पुलिस की टीम ने राजस्थान के जयपुर ग्रामीण क्षेत्र से दिनेश भवर्सिंग चौहान (20) और ललित चुनासिंग चौहान (23) को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिनेश को राजस्थान ले जाकर पूछताछ की गई। उसके कब्जे से दुकान से चोरी किए गए करीब 3 किलो 250 ग्राम सोने के आभूषण एवं लगड़ी, 5.33 लाख रुपये नकद, तथा वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई बलेनो कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि मामले में चार आरोपियों की भूमिका सामने आई है। इनमें दिनेश भवर्सिंग चौहान (20), ललित चुनासिंग चौहान (23), महावीरसिंग किसनसिंग रावत (28) और मेहुल नंदूसिंग सिसोदिया (27) शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण कक्ष-01, काशिमीरा तथा नवघर पुलिस थाने की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस अब बरामद संपत्ति और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version