तामिया में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में बाइक समेत गिरा युवक, मौके पर मौत | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

तामिया में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में बाइक समेत गिरा युवक, मौके पर मौत | New India Times

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया थाना क्षेत्र के चिमटीपुर होमस्टे के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सिंगरौली से तामिया घूमने आए 21 वर्षीय युवक सुरभान की बाइक समेत गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

दो दिन से लापता था युवक, परिजनों ने तलाश के दौरान खाई में देखा शव

एसडीओपी सोनम पाटिल के अनुसार, सुरभान 8 सितंबर से लापता था। काफी समय तक घर नहीं लौटने और संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 9 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे परिजन चिमटीपुर होमस्टे के पास पहुंचे, जहां उन्हें एक गहरी खाई में युवक का शव और टू-व्हीलर दिखाई दिया।

सूचना मिलते ही तामिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव और क्षतिग्रस्त वाहन को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रील्स बनाने के दौरान हादसा हुआ या कोई और वजह?

घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि युवक सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने के दौरान खाई के पास पहुंचा होगा और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी रील्स बनाने या हादसे के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version