अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

सीहोर जिले की श्यामपुर तहसील के ग्राम बड़वेली निवासी किसान सतीश मेवाड़ा विद्युत करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब दो माह से न्याय और उचित कार्रवाई की मांग कर रहा परिवार मंगलवार को घायल किसान को हाथ ठेले पर लेकर भोपाल पहुंचा। किसान के पिता प्रहलाद सिंह मेवाड़ा अपने बेटे को हाथ ठेले पर लेकर संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
पीड़ित परिवार के साथ पहुंचे किसानों ने डिप्टी कमिश्नर भारती देवी मिश्रा से मुलाकात कर पूरे मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। परिवार का आरोप है कि लगातार अधिकारियों से शिकायत और न्याय की गुहार लगाने के बावजूद अब तक उन्हें राहत नहीं मिली है।

परिजनों ने जिम्मेदार विद्युत अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, घायल किसान को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की है। अधिकारियों की ओर से महिला आयोग के निर्देशों के अनुसार अपने स्तर पर जांच दल गठित कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया गया है।
न्याय नहीं मिला तो दिल्ली जाने की चेतावनी
पीड़ित किसान के पिता प्रहलाद सिंह मेवाड़ा ने कहा कि परिवार पिछले दो माह से न्याय के लिए भटक रहा है। यदि भोपाल में भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह अपने घायल बेटे को इसी हाथ ठेले पर लेकर दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर अपनी मांग उठाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगाएंगे।
वहीं, किसानों ने भी चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
