हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:

जनगणना के द्वितीय चरण के कार्य के लिए जनपद की समस्त तहसीलों एवं नगर पालिका/नगर पंचायतों से चयनित फील्ड ट्रेनरों की बैठक जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जी.डी. बिन्नानी कॉलेज में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की समस्त तहसीलों के उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी जनगणना, तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया।
बैठक को जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने संबोधित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित कार्मिकों से प्रथम चरण के मानदेय के भुगतान के संबंध में जानकारी ली। सभी कार्मिकों ने बताया कि उन्हें प्रथम चरण का मानदेय प्राप्त हो चुका है। अधिकारियों ने बताया कि द्वितीय चरण का मानदेय भी निर्धारित समय पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के दौरान एकत्र की जाने वाली सूचनाओं का उपयोग शासन की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण और बेहतर क्रियान्वयन के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनगणना में दी जाने वाली जानकारी का उद्देश्य किसी व्यक्ति को व्यक्तिगत लाभ या हानि पहुंचाना नहीं है।
जिलाधिकारी ने स्व-गणना (Self Enumeration) को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं फील्ड ट्रेनरों से कहा कि आमजन को स्व-गणना के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित करें, ताकि जनगणना का कार्य सुगमता से और कम समय में पूरा किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने कहा कि सभी कर्मचारी पूरे मनोयोग और जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य संपादित करें। कार्य के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई सामने आती है, तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि उसका समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जा सके।
