संस्कारों से सफलता तक… डॉ. कृतिका मुंदड़ा ने गुरुओं को किया नमन, शिक्षक सम्मान से दिया कृतज्ञता का संदेश | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने के बाद अपने जीवन को संवारने वाले गुरुओं को याद करना ही सच्चे संस्कारों की पहचान है। शिक्षक दिवस के अवसर पर बुरहानपुर में इसी भावना को साकार करती एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। शहर में लगभग चार दशकों से चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ एवं पूर्व लायंस गवर्नर डॉ. आई.एल. मुंदड़ा के परिवार की बिटिया डॉ. कृतिका मुंदड़ा ने MBBS की पढ़ाई पूर्ण करने के बाद आमजन की सेवा को अपने जीवन का संकल्प बनाया। डॉक्टर बनने के इस सफर में मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए डॉ. कृतिका एवं उनके परिवार की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

डॉ. कृतिका की प्रारंभिक एवं शैक्षणिक यात्रा मैक्रो विज़न एकेडमी, बुरहानपुर से प्रारंभ हुई। समारोह में मैक्रो विज़न एकेडमी के संस्थापक, संचालक एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद आनंद प्रकाश चौकसे, मंजूषा चौकसे सहित विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। सम्मानित शिक्षकों में संतोष सिल्होरिया, विजय सुखवानी, नानक फूलवानी, संगीता ठाकुर, शीतल पोपली, मोनिका अग्रवाल, विभा जेटली सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की शिक्षा का खर्च उठाएगा मैक्रो विज़न परिवार

समारोह में मैक्रो विज़न एकेडमी, बुरहानपुर के संचालक आनंद प्रकाश चौकसे ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को चिह्नित किया जाएगा, जो आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। चयनित विद्यार्थियों की शिक्षा का पूरा खर्च मैक्रो विज़न परिवार उठाएगा। इस घोषणा का उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने स्वागत किया।

चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों की रही मौजूदगी

समारोह में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह उर्फ शेरा भैया, पूर्व विधायक हमीद क़ाज़ी, लायंस क्लब अध्यक्ष डॉ. एस.एम. तारिक, लायंस क्लब ट्रस्टी सतीश अग्रवाल, आजम राही, पूर्व लायंस क्लब अध्यक्ष मुकेश देवड़ा, लायंस क्लब के पदाधिकारी, सेवा सदन शिक्षा समिति बुरहानपुर की अध्यक्षा तारिका वीरेंद्र सिंह, सचिव हसमुख जरीवाला, लायंस प्रचार मंत्री रामकुमार अग्रवाल, अपना कमर्शियल क्रेडिट कॉर्पोरेट सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष नीरज कक्कड़, चार्टर्ड अकाउंटेंट मुस्कान कक्कड़, सीए राहुल छाबड़िया सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इंदौर के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अम्बरीश पटेल सहित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े चिकित्सकों डॉ. हेमंत महाजन, डॉ. अशोक पगारे, डॉ. संजीव कापड़िया, डॉ. अरुण श्रॉफ, डॉ. जी.के. जैन, डॉ. दिव्येश लाड, डॉ. निमिषा लाड, डॉ. नूतन जैन, डॉ. वैशाली तरस, डॉ. दिलीप पाटीदार, डॉ. आलोक गर्ग एवं जयश्री गर्ग सहित अनेक चिकित्सकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

गुरु का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता

यह आयोजन केवल शिक्षकों के सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व निर्माण और सफलता में गुरु का योगदान सदैव अमूल्य रहता है। सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद अपने गुरुओं को स्मरण करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना ही वास्तव में संस्कारों की पहचान है।

डॉ. कृतिका मुंदड़ा का जनसेवा का संकल्प और अपने गुरुओं के सम्मान की यह पहल आने वाली पीढ़ी के लिए भी एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है। समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल सफलता का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, कृतज्ञता और समाजसेवा की मजबूत नींव भी है।

उक्त जानकारी पूर्व लायंस गवर्नर एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आई.एल. मुंदड़ा ने दी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version