बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद, लगातार लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविर | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में आमजन को सुगमता से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पहले से की गई पुख्ता तैयारियों के क्रम में विभिन्न ब्लॉकों के अंतर्गत आने वाले बाढ़ एवं जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में लगातार विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मेडिकल टीमों द्वारा शिविरों में जरूरतमंद लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि जिले के बाढ़ संभावित क्षेत्रों की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली थी। बाढ़ आने से पहले ही पर्याप्त मात्रा में जीवनरक्षक दवाएं, क्लोरीन टैबलेट, ओआरएस, ओआरएस घोल और एंटीबायोटिक्स का स्टॉक सभी संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सुरक्षित कर लिया गया था, ताकि आपात स्थिति में किसी भी तरह की असुविधा न हो।

सीएमओ ने बताया कि वर्तमान में नकहा, रमियाबेहड़, निघासन और कुंवरपुर (बिजुआ) समेत विभिन्न ब्लॉकों के प्रभावित गांवों एवं मजरों में लगातार चिकित्सा टीमों द्वारा निगरानी की जा रही है।

रमियाबेहड़ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र कैलाश नगर, गोड़ियाना एवं बंगाली कॉलोनी में सीएचसी की स्वास्थ्य टीम द्वारा सक्रिय रूप से शिविर लगाकर चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की गईं और आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। वहीं, ब्लॉक नकहा के अंतर्गत रेहरिया गांव, निघासन के अंतर्गत ठाकुर पुरवा एवं बैलहा गांव तथा बिजुआ के कुंवरपुर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।

मेडिकल टीमों ने बाढ़ की परिस्थितियों के बीच मोर्चा संभालते हुए सुदूर इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की।

सीएमओ ने आमजन से की अपील

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने आम जनता से अपील की है कि बाढ़ या जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी को उबालकर पिएं, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और उल्टी, दस्त, बुखार या त्वचा संबंधी समस्या जैसे किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य शिविर या चिकित्सा टीम से संपर्क करें। विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट और अन्य चिकित्सा टीमें पूरी तत्परता के साथ प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version