अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर के नवगछिया स्थित राघोपुर में गंगा के भीषण कटाव का जायजा लेने भागलपुर सांसद अजय मंडल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कटाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग के अभियंताओं से कटावरोधी कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद अजय मंडल ने जल संसाधन विभाग और मौके पर कार्यरत अभियंताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कटावरोधी कार्य में पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई और इसमें केवल पैसों का खेल हुआ है। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार को बचाने के लिए भी पैसों का खेल किया गया।
सांसद मंडल ने कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो विभाग के कई अधिकारी जांच के घेरे में आ सकते हैं। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार अधिकारियों द्वारा उचित कार्य नहीं किए जाने की शिकायत कर रही है। सांसद ने भरोसा दिलाया कि वह राघोपुर में जारी कटाव और कटावरोधी कार्यों का मुद्दा सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे।
लगातार हो रहे गंगा कटाव को लेकर सांसद अजय मंडल भावुक भी नजर आए। उन्होंने गंगा मां से अपील करते हुए कहा, “गंगा मां, अब बस करिए। हम आपकी शरण में हैं, हमें उबार दीजिए। गलत-सही जो हुआ, उसे माफ कर दीजिए।”
बाइट : अजय मंडल, सांसद, भागलपुर

