पिकअप वाहन लूट का पुलिस ने किया त्वरित खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; लूटा गया वाहन बरामद | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

थाना खकनार क्षेत्र में हुई पिकअप वाहन लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है।

दिनांक 31 अगस्त 2026 की रात करीब 11:30 बजे फरियादी श्रीराम राठौर अपने साथी हेल्पर उमेश राठौर के साथ पिकअप वाहन क्रमांक MP 11 G 2744 में खाद खाली करके शाहपुर से वापस लौट रहे थे। ग्राम धावटी के पास दो अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल रास्ते में खड़ी कर पिकअप वाहन रुकवाया। इसके बाद आरोपियों ने फरियादी और उसके साथी के साथ मारपीट की और पिकअप वाहन छीनकर फरार हो गए।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना खकनार में लूट का अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे एवं एसडीओपी नेपानगर श्री सुरेश महाले के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए वाहन की बरामदगी के लिए थाना प्रभारी खकनार निरीक्षक अभिषेक जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि मांजरोद खुर्द-सावली खेड़ा रोड पर सफेद रंग की एक पिकअप खड़ी है और उसके पास पीली टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मौजूद है।

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी और पिकअप वाहन के पास मौजूद व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ज्ञानेश्वर पिता रमेश कास्डेकर, उम्र 24 वर्ष, निवासी सावली खेड़ा, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) बताया।

पुलिस के अनुसार, फरियादी द्वारा आरोपी की पहचान लूट की घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी ज्ञानेश्वर कास्डेकर को गिरफ्तार कर उसके मेमोरेंडम के आधार पर लूटा गया पिकअप वाहन जब्त कर लिया।

प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

लूट की घटना का खुलासा करने में निरीक्षक अभिषेक जाधव, सउनि पवन देशमुख, सउनि मनीष मंडलोई, प्रआर सतीश सूर्यवंशी, प्रआर रूपेश शर्मा, प्रआर किशोर मार्को, आरक्षक खुमसिंह, गोविंदा एवं सबल देवड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version