मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जुन्नारदेव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटी देशी और विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे छिंदवाड़ा जिला जेल भेज दिया गया। वहीं, मुख्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
कार से बरामद हुई 25 पेटी अवैध शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात में मुखबिर से सूचना मिली थी कि माझरी निवासी विजय उर्फ गुड्डा सोलूसे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक HR-26-CR-4210 में पालाचौरई-अखाड़ा की ओर से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर अपने घर की तरफ आ रहा है। सूचना पर उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, आरक्षक अनिल उइके और आरक्षक योगेश जांगड़े की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर के सामने कार की घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही कार चालक विजय उर्फ गुड्डा सोलूसे कार छोड़कर घर के पीछे के रास्ते से अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
महिला आरोपी गिरफ्तार, बिक्री के उद्देश्य से लाई जा रही थी शराब
कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट पर एक महिला बैठी मिली, जिसकी पहचान प्रपूर्णा कुशवाहा (20 वर्ष), निवासी माझरी के रूप में हुई। कार की बीच वाली सीट और डिक्की की तलाशी लेने पर कुल 25 पेटी शराब, जिसमें 215.82 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹1,45,950 बताई गई है।
पूछताछ में प्रपूर्णा कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि वह और विजय उर्फ गुड्डा सोलूसे पालाचौरई स्थित शराब दुकान से शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से परिवहन कर रहे थे। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे छिंदवाड़ा जिला जेल भेज दिया गया।
करीब 8.5 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 25 पेटी देशी प्लेन, देशी लाल, ऑफिसर्स चॉइस, मैजिक मोमेंट्स और गोवा ब्रांड की शराब, जिसकी कीमत करीब ₹1,45,950, स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक HR-26-CR-4210, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹7 लाख, तथा एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब ₹8.5 लाख बताई गई है।
शराब दुकान और ढाबा संचालकों की भूमिका की जांच
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा पालाचौरई शराब दुकान और स्थानीय ढाबा संचालकों की संभावित संलिप्तता के संबंध में भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जगोतीन मसराम ने बताया कि फरार आरोपी विजय उर्फ गुड्डा की तलाश जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शराब के स्रोत और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जगोतीन मसराम, उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, उप निरीक्षक पूनम उइके, आरक्षक नीलेश पाल, योगेश जांगड़े, अनिल उइके, महिला आरक्षक अनीता मडावी एवं ललिता धुर्वे का विशेष योगदान रहा।
