मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव ने निगम परिसर स्थित एमआईसी हॉल में सभी सेक्टर अधिकारियों एवं वार्ड सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल पर रोक लगाने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रतिबंधित प्लास्टिक के भंडारण, बिक्री एवं उपयोग पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी वार्डों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में सेक्टर अधिकारी और सुपरवाइजर रोजाना औचक निरीक्षण करें। सार्वजनिक स्थानों, चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों, थोक विक्रेताओं तथा दुकानों के बाहर डिस्पोजल सामग्री का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ तत्काल चालानी कार्रवाई की जाए तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया जाए।
आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम द्वारा सभी 48 वार्डों की निगरानी के लिए छह सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रतिबंधित प्लास्टिक के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री एवं उपयोग के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाएगा।
व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैले तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में 120 माइक्रॉन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक कैरी बैग तथा थर्माकोल से बने प्रतिबंधित डिस्पोजल आइटम, जैसे कप, प्लेट, गिलास एवं स्ट्रॉ के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया गया।
घर-घर कचरा संग्रहण और स्रोत पर पृथक्करण पर भी जोर
बैठक में निगमायुक्त ने प्रत्येक वार्ड में शत-प्रतिशत घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण, नियमित सफाई व्यवस्था तथा शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता संबंधी कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की गई कार्रवाई और स्वच्छता कार्यों की रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया। साथ ही नागरिकों एवं व्यापारियों के बीच प्रतिदिन जनजागरूकता अभियान चलाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
एमआईसी स्वास्थ्य विभाग के चेयरमैन धनराज महाजन ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाने के प्रयासों को और गति मिल सके।
बैठक में निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, स्वास्थ्य विभाग के चेयरमैन धनराज महाजन, सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा, उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल सहित सभी सेक्टर अधिकारी एवं वार्ड सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
