रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

शारदा समूह के अंतर्गत संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के सहयोगी स्टाफ के सम्मान एवं उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से केशव इंटरनेशनल स्कूल में विशेष सहयोगी स्टाफ मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केशव इंटरनेशनल स्कूल, केशव विद्यापीठ, वयं गुरुकुलम, शारदा विद्या मंदिर, मां त्रिपुरा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, मां त्रिपुरा कॉलेज ऑफ फार्मेसी एवं शारदा विद्या मंदिर, गोपाल कॉलोनी सहित शारदा समूह के विभिन्न संस्थानों के सहयोगी स्टाफ ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए सभी सहयोगी स्टाफ सदस्यों द्वारा सामूहिक पौधारोपण के साथ हुई। इसके पश्चात तिलक लगाकर, दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विशेष बात यह रही कि सरस्वती वंदना भी सहयोगी स्टाफ के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत की गई, जिससे पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता और अपनत्व का भाव देखने को मिला।

इसके बाद सभी सहयोगी स्टाफ सदस्यों ने अपना परिचय दिया तथा अपने परिवार एवं पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी साझा की। इस अवसर पर शारदा समूह के संचालक श्री ओमजी शर्मा ने सहयोगी स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय की सफलता एवं सुचारु संचालन में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से अपने अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में शारदा समूह के विभिन्न संस्थानों के प्राचार्यों एवं उपप्राचार्यों ने सहयोगी स्टाफ के साथ संवाद किया। इस दौरान बेहतर कार्यप्रणाली, आपसी सहयोग, अनुशासन, प्रभावी संवाद एवं टीम भावना के साथ कार्य करने को लेकर उपयोगी सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर शारदा समूह की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्रीमती अंबिका टवली की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
संचालक, प्राचार्य एवं स्टाफ ने स्वयं परोसा जलपान
कार्यक्रम के दौरान संचालक, प्राचार्य एवं विद्यालय स्टाफ ने स्वयं सहयोगी स्टाफ सदस्यों को चाय, पानी एवं नाश्ता परोसा। इस पहल ने कार्यक्रम को महज औपचारिक बैठक न बनाकर परिवार जैसे आत्मीय मिलन का रूप दे दिया।
खेल गतिविधियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में सहयोगी स्टाफ सदस्यों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला। सहयोगी स्टाफ की एक महिला सदस्य के परिवार में कोई भाई नहीं होने के कारण रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष रूप से राखी बांधने का आयोजन किया गया। इस पहल ने कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह और परिवार जैसी आत्मीय भावना को और गहरा कर दिया।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि पूरे समारोह का संचालन (एंकरिंग) सहयोगी स्टाफ की सदस्य लक्ष्मी राणा ने किया। इससे यह संदेश भी मिला कि प्रत्येक कर्मचारी में अपनी विशेष प्रतिभा और क्षमता होती है तथा उचित अवसर मिलने पर वह नेतृत्व की भूमिका भी निभा सकता है।
समारोह ने यह संदेश दिया कि विद्यालय केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों से नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी के सामूहिक प्रयास से एक परिवार के रूप में आगे बढ़ता है।
