पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक, इंदौर ग्रामीण रेंज, इंदौर ने 29 अगस्त 2026 को थाना पीथमपुर का भ्रमण कर विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना भवन एवं परिसर, कार्यालय, अभिलेख कक्ष, मालखाना, हवालात तथा साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और थाना की समग्र कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान आयोजित जनसुनवाई में पुलिस महानिरीक्षक ने श्रीमती प्रीति भदौरिया, श्री अमीन शाह, श्री रमेश चंद्र जाट, श्रीमती आशा पति गोविंद तथा श्री अजय सोनी से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने को कहा।

इसके अलावा आईजी ने ई-विवेचना टैबलेट एवं एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से की जा रही ऑनलाइन कार्रवाई की समीक्षा की। ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े मामलों में राशि की रिकवरी तथा पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी ली गई। विवेचकों को एनसीआरपी पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां समय-सीमा में पूर्ण करने तथा विवेचना संबंधी कार्यों में तकनीक का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
