जनविश्वास शिविर में गूंजा जनता का दर्द, महापौर-कलेक्टर ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

जनविश्वास शिविर में गूंजा जनता का दर्द, महापौर-कलेक्टर ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश | New India Times

मध्यप्रदेश शासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026’ के अंतर्गत शनिवार को शाहपुरा के जोन क्रमांक-6 स्थित वार्ड क्रमांक-51 के सी-सेक्टर में जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

जनविश्वास शिविर में गूंजा जनता का दर्द, महापौर-कलेक्टर ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश | New India Times

शिविर में महापौर श्रीमती मालती राय, पूर्व विधायक श्री ध्रुवनारायण सिंह, स्थानीय पार्षद, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से अधिकारियों ने नागरिकों को हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई की।

महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा विकास कार्यों को गति देना है।

स्थानीय नागरिकों की मांग पर महापौर श्रीमती राय ने क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाला निर्माण का कार्य आगामी सोमवार से प्रारंभ किया जाए। साथ ही, कार्यादेश जारी होते ही स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाए।

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाया जा रहा है। कॉलोनियों से संबंधित समस्याओं के व्यवस्थित एवं त्वरित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट में ‘कॉलोनी सेल’ का गठन किया गया है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्थानीय निवासियों से अपने क्षेत्रों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) गठित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए के माध्यम से कॉलोनी की समस्याओं को एक साझा मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने और उनके समाधान में सुविधा होगी। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर के बाद शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण

जन-कल्याण शिविर के बाद कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने शाहपुरा क्षेत्र में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र, बाबा नगर स्थित नगर निगम ट्रांसफर स्टेशन, शासकीय प्राथमिक शाला छावनी शाहपुरा, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक तथा एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार का औचक निरीक्षण किया।

एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार के निरीक्षण के दौरान गंभीर अव्यवस्थाएं एवं अनियमितताएं पाए जाने पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती वसुंधरा पेंडो और वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक श्रीमती सपना गुहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शासकीय संस्थाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version