मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
निगोही क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हरसेली मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और खेत में लगे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
नारायनपुर गांव निवासी अरुण (21) और लक्ष्मीकांत उर्फ झंडू (20) शुक्रवार को किसी काम से बाहर गए थे। शाम करीब चार बजे दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। हरसेली मोड़ के पास पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क से उतरकर खेत में पहुंची और बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
राहगीरों से सूचना मिलने के बाद निगोही कोतवाल राजीव तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के स्वजन से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। एक साथ दो युवकों की मौत से दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
