हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:

पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में माल निस्तारण के संबंध में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना पड़री पुलिस द्वारा आबकारी अधिनियम से संबंधित 37 मुकदमों में बरामद कुल 10,234.8 लीटर अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा माल निस्तारण के संबंध में जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 23 अगस्त 2026 को थाना पड़री परिसर में वर्ष 2023 के 01, वर्ष 2025 के 03 तथा वर्ष 2026 के 33 अभियोगों, यानी कुल 37 अभियोगों से संबंधित अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया गया।
विनष्टीकरण की गई अवैध अंग्रेजी, देशी एवं कच्ची शराब की अनुमानित कीमत 33 लाख 26 हजार 50 रुपये बताई गई है। माननीय न्यायालय द्वारा विनष्टीकरण का आदेश दिए जाने के बाद अरविंद कुमार पांडेय, नायब तहसीलदार; जटाशंकर मिश्र, क्षेत्राधिकारी सदर; राजेश कुमार, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र प्रथम, सदर तहसील तथा प्रदीप कुमार सिंह, थानाध्यक्ष पड़री सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम की मौजूदगी में नियमानुसार शराब का विनष्टीकरण कराया गया।
