रहीम शेरानी हिंदुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 27 अगस्त को कॉलेज रोड स्थित निजी गार्डन में जिला कांग्रेस कमेटी की तीन महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होंगी।
प्रातः 11 बजे जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक, दोपहर 2 बजे जिला समन्वय समिति की बैठक तथा शाम 4 बजे जिले के सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी उषा नायडू, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, जिला कांग्रेस प्रभारी अमन बजाज, विधानसभा प्रभारी रवि भदौरिया, विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, वीरसिंह भूरिया, शैलेंद्र सिंह अठाना एवं विमल छिपानी सहित अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
बैठक में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर जिला स्तरीय महाआंदोलन की रणनीति, मतदाता नामावली तथा बूथ स्तर पर मैदानी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने सहित संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आगामी रणनीति तय की जाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल जसवंत भाबर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव निर्मल मेहता, पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा, वालसिंह मेड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अकमल डामोर, संगठन मंत्री शंकरसिंह भूरिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष गोरी कटारा सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला कांग्रेस पदाधिकारियों, मोर्चा एवं संगठन के पदाधिकारियों तथा जिले के समस्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों से बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का आह्वान किया है।
