इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

इकरा एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित इकरा शाहीन उर्दू हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज, जलगांव में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की कक्षा 11वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण स्वागत करते हुए उन्हें जूनियर कॉलेज जीवन, शिक्षा, अनुशासन और करियर को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इकरा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल करीम सालार ने की, जबकि आसिफ शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. हारून सर, डॉ. वकार सर, रियाज शाह सर, जाकिर शेख सर तथा सहायक फौजदार प्रदीप पाटील सहित शिक्षक एवं गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुहैल अमीर सर ने किया।
डॉ. हारून सर ने विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति, अनुशासन, प्रभावी अध्ययन पद्धति तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जूनियर कॉलेज के महत्वपूर्ण वर्षों का सदुपयोग करने, आत्मविश्वास एवं संवाद कौशल विकसित करने तथा निर्धारित करियर लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
आसिफ शाह ने विद्यार्थियों को अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वहीं कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल करीम सालार ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सफर की शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन, चरित्र निर्माण, निरंतर सीखने और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों एवं माता-पिता का सम्मान करने तथा आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और कौशल का सर्वांगीण विकास करना भी होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं शिक्षकों के प्रेरणादायी विचारों और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ। कार्यक्रम की सफलता में मसूद शेख, अजीम काजी, मुस्तकीम खान, सोहेल शेख सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में विद्यार्थियों को शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
