नानादेवी मंदिर चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 2.30 लाख का चांदी का सामान बरामद | New India Times

पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

नानादेवी मंदिर चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 2.30 लाख का चांदी का सामान बरामद | New India Times

अमझेरा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध नानादेवी मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए चांदी के मुकुट, कुंडल, तीन छत्र तथा नाग-नागिन के दो जोड़े सहित करीब 2.30 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को अमझेरा निवासी कांतिलाल पिता परसराम मोदी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चालनी रोड स्थित हरदम लाला मंदिर के सामने तंबोली समाज के प्रसिद्ध नानादेवी मंदिर के चैनल गेट और दरवाजे के ताले तोड़कर अज्ञात बदमाश मंदिर में घुसे। आरोपियों ने नानादेवी माता का चांदी का मुकुट, चांदी के कान के कुंडल, तीन छत्र, नाग-नागिन के दो जोड़े, भोलेनाथ एवं गणेशजी की पीतल की मूर्तियां, लड्डू गोपाल की चार छोटी मूर्तियां तथा सीसीटीवी कैमरे की 17 इंच की एलईडी चोरी कर ली थी। मामले में थाना अमझेरा में अपराध क्रमांक 272/24.07.2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने समीर पिता बहादुर मंडलोई निवासी कुड़ुझेता, संजय पिता हिंदु मेड़ा निवासी नाहवेल तथा सुरेश पिता रतनसिंह मंडलोई निवासी कुड़ुझेता, थाना बाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने अपने दो साथियों रवि उर्फ रविन्द्र पिता सरदार भील निवासी पिपरी और महेन्द्र पिता बिलाम भुरिया निवासी नाहवेल के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पांचों मोटरसाइकिल से रात में अमझेरा पहुंचे थे। इसके बाद लोहे की टांमी से मंदिर के दरवाजे का ताला और नकुचा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए सामान को आपस में बांटकर रखने की बात भी सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चांदी का मुकुट, कान के कुंडल, तीन छत्र तथा नाग-नागिन के दो जोड़े बरामद किए। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी
समीर पिता बहादुर मंडलोई, निवासी कुड़ुझेता, थाना बाग।
संजय पिता हिंदु मेड़ा, निवासी नाहवेल, थाना बाग।
सुरेश पिता रतनसिंह मंडलोई, निवासी कुड़ुझेता, थाना बाग।
दो आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार रवि उर्फ रविन्द्र पिता सरदार भील निवासी पिपरी तथा महेन्द्र पिता बिलाम भुरिया निवासी नाहवेल फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी समीर के खिलाफ विभिन्न थानों में 9 अपराध, संजय के खिलाफ 8 अपराध और सुरेश के खिलाफ 3 अपराध दर्ज हैं। ये मामले थाना बाग, मनावर, सरदारपुर, पीथमपुर एवं सेक्टर-1 में दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा समीर और संजय ने मई माह में आगर घाटी, बाग क्षेत्र में एक महिला और पुरुष को रोककर फालिया अड़ाकर उनकी थैली से चांदी की तागली लूटने की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों, जवानों और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गया मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version